सतपुली। भारत सरकार के आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय की ओर से राज्य में चलाई जा रही दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सतपुली नगर पंचायत में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञों की ओर से नगर पंचायत में निवासरत गरीब, अपंग, विधवाओं और तलाकशुदा लोगों के लिए रोजगार जुटाने को लेकर कौशल विकास प्रशिक्षण और ऋण संबंधी जानकारियां दी गई।
राज्य में कार्यक्रम की नोडल एजेंसी नगरीय विकास अभिकरण शहरी विकास निदेशालय उत्तराखंड की ओर से आयोजित उक्त कार्यशाला में सूडा के सीएमएम डा. जितेंद्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों को व्यक्तिगत तौर पर दो लाख रुपये कारण, समूह के रूप में 10 लाख का ऋण देने और शहर के 30 बेरोजगारों को छह माह का मुफ्त कौशल विकास प्रशिक्षण देने के बारे में जानकारियां दीं। ग्रामीणों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनोद लाल साह के पास नगर पंचायत से संबंधित समस्याओं के निराकरण की भी मांग की। ग्रामीणों ने कस्बे में सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद करने की मांग उठाई। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने कस्बे में पॉलिथीन के प्रयोग एवं खुले में शौच करने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक सूर्य प्रकाश भट्ट, अनु पंवार, रणधीर सिंह नेगी, पूर्व प्रधान हरि सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत संजय रावत, महेंद्र ध्यानी व उमेद सिंह रावत समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।