कोटद्वार की गोशालाओं से चार महीनों में 322 पशु हुए गायब
पीपल फॉर एनिमल्स उत्तराखंड ने लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसीकोटद्वार। पीपल फॉर एनिमल्स उत्तराखंड ने नगर निगम कोटद्वार पर बीते चार महीनों में 332 गोवंशीय पशुओं को गायब करने का आरोप लगाते हुए उनका पता लगाने की मांग की है। पीपल फॉर एनिमल्स उत्तराखंड की निदेशक एवं भारतीय पशु कल्याण बोर्ड की मानद प्रतिनिधि रूबीना नितिन अय्यर ने बताया कि 26 अगस्त, 2025 को नगर निगम कोटद्वार के जनसूचना अधिकारी से नौ बिंदुओं पर सूचना मांगी थी। 23 सितंबर, 2025 को दो बिंदुओं को छोड़कर अन्य के संबंध में सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें मुख्य सफाई निरीक्षक ने अप्रैल से अगस्त के बीच 332 गोवंशीय पशुओं को गोशालाओं में आश्रय दिलाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने गोशालाओं में पहुंचकर कोटद्वार नगर निगम द्वारा पहुंचाए गए गोवंशीय पशुओं के संबंध में जानकारी जुटाई, जिसमें कोटद्वार नगर निगम से केवल 10 गोवंशीय पशु पहुंचाए जाने की सूचना दी। उन्होंने शेष लापता 322 पशुओं के संबंध में नगर निगम से जवाब मांगा है। उन्होंने गोवंशीय पशुओं की तस्करी और वध का शक जताते हुए कहा कि निराश्रित मवेशियों को उत्तराखंड से बाहर भेजने के लिए उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम 2007 के तहत डीएम से स्वीकृति नहीं ली गई और परिवहन से पूर्व किसी भी मवेशी का किसी पशु चिकित्सक द्वारा फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया।