कोटद्वार। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) की ट्रेनिंग के दौरान कोटद्वार के बेटे नवोदित वर्मा ने बेहतर प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उन्हें भारतीय विदेश सेवा प्रशिक्षण संस्थान के एक समारोह में सम्मानित किया। नवोदित मास्को स्थित भारतीय दूतावास में अपनी सेवाएं देंगे। राजकीय महाविद्यालय जयहरीखाल में प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत नजीबाबाद रोड मंदाकनी नगर निवासी अनिल कुमार वर्मा और गृहणी पूनम वर्मा के होनहार बेटे का अगस्त 2019 में भारतीय विदेश सेवा में अधिकारी के लिए चयन हुआ। तीन महीने मसूूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वह वर्तमान में भारतीय विदेश सेवा प्रशिक्षण संस्थान नई दिल्ली में ट्रेनिंग ले रहे हैं। ट्रेनिंग के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नवोदित वर्मा ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। गत 16 मई को संस्थान के वार्षिक सम्मान समारोह मेें उन्हें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गोल्ड मेडल और प्रशस्तिपत्र से सम्मानित किया।