कोटद्वार। लैंसडौंन वन प्रभाग की ओर से कोटद्वार रेंज की नदियों में अवैध खनन रोकने के लिए बनाई गई टीम ने बुधवार रात मालन नदी में छापे मारे। इस दौरान नदी में अवैध खनन कर रही चार ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर रेंज कार्यालय में लाकर खड़ा कर दिया गया है। मामले में ट्रैक्टर ट्राली स्वामियों के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।
कोटद्वार रेंज के अधिकारी आरपी पंत ने बताया कि छापेमारी के दौरान खनन सामग्री भर रहे चार ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी गई। ट्रैक्टर स्वामी मौके पर कोई भी दस्तावेज/प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए। उन्होंने बताया कि चारों ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर रेंज कार्यालय में लाकर खड़ा कर दिया गया है। मामले में ट्रैक्टर स्वामी मोहित निवासी सत्तीचौड़, तीरथ सिंह नेगी निवासी ग्राम सिमलचौड़ और अजय नेगी निवासी लछमपुर का वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालान किया गया। टीम में वन दरोगा याकूब अली, कैलाश चंद्र, वन आरक्षी देवमणि पांडेय, राजवीर सैनी, भूपेंद्र रौतेला, संजय नेगी, राहुल चमोली, राकेश बिष्ट, मुकेश, पुष्कर बिष्ट, महेंद्र, नरेंद्र आदि शामिल रहे।