कोटद्वार। नगर निगम प्रशासन चुनाव के लिए तैयार है। नगर निगम की छह अप्रैल को जारी अंतिम अधिसूचना के बाद से सभी 40 वार्डों का परिसीमन का कार्य पूरा कर लिया गया है। शहरी विकास अनुभाग की अधिसूचना के मुताबिक सभी 40 वार्डों के परिसीमन से संबंधित आपत्तियों का निराकरण का कार्य 20 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। एसडीएम 19 और 20 अप्रैल को वार्डों के परिसीमन से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे। निगम के अधिकारियों ने बताया कि वार्डों के परिसीमन से संबंधित केवल एक आपत्ति तहसील प्रशासन को मिली है।
नगर पालिका कोटद्वार के सीमा विस्तार में भाबर के 35 ग्राम पंचायतों के 73 गांवों को शामिल किया गया है। सीमा विस्तार के बार कोटद्वार नगर निगम की जनसंख्या 1,35, 544 हो गई है। इसमें से एक लाख तीन हजार मतदाता हैं, जो नगर निकाय के चुनाव में अपने वार्ड मेंबर और मेयर के लिए सीधे वोट करेंगे। सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी ने बताया कि वार्डों के परिसीमन में आपत्तियां और जनसुनवाई की प्रक्रिया खत्म होने के बाद वार्डों के आरक्षण संबंधित अधिसूचना जारी होगी। कहा कि परिसीमन संबंधी तहसील में सिर्फ एक आपत्ति मिली है। अप्रैल के अंत तक नगर निगम की ओर से चुनाव के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली जाएंगी। नगर निगम की ओर से सभी 40 वार्डों में 98 पोलिंग स्टेशन बना लिए गए हैं। वार्डों का आरक्षण जिला प्रशासन के स्तर पर तय किया जाएगा, जबकि मेयर के पद पर आरक्षण शासन स्तर पर तय होगा।
कोटद्वार नगर निगम एक नजर में
कुल एरिया-सनेह के लालपानी से चिलरखाल तक (कालागढ़ को छोड़कर कोटद्वार विधानसभा का संपूर्ण भूभाग)।
कुल जनसंख्या-1,35, 544 (वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार)।
कुल वार्ड-40, कुल मतदाता-1.03000 (एक लाख, तीन हजार)।