कोटद्वार। कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए राज्य सरकार को दो माह का अल्टीमेटम देते हुए केंद्रीय विद्यालय संयुक्त संघर्ष समिति ने धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। मंगलवार को पूर्व सैनिक सेवा परिषद और संघर्ष समिति के बैनर तले पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि कोटद्वार की जनता लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार अपना चुनावी वायदा भूल गई है। कहा कि कोटद्वार की जनता केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए दो माह का समय सरकार को दे रही है। इसके बाद फिर से जन सहयोग से आंदोलन किया जाएगा। मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय संघर्ष समिति के संरक्षक गोविंद डंडरियाल, अध्यक्ष गोपालकृष्ण बड़थ्वाल और उपाध्यक्ष योगंबर सिंह रावत, महामंत्री बलवान सिंह रावत समेत कई पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि पिछले पांच साल से कोटद्वार में केंद्रीय विद्यालय खोलने की कवायद चल रही है। शासन और प्रशासन की ओर से केंद्रीय विद्यालय के लिए काशीरामपुर तल्ला में भूमि चयनित की गई, लेकिन इसके बावजूद केंद्रीय विद्यालय नहीं खोला जा रहा है। इससे सैनिक परिवारों और पूर्व सैनिकों में आक्रोश है।