कोटद्वार। कोरोना की रोकथाम के लिए प्रस्तावित जनता कर्फ्यू और कोरोना संक्रमण के खतरे को लेकर प्रशासन ने कोटद्वार के व्यापारियों, समाजसेवियों, परिवहन-धार्मिक संगठनों और अधिकारियों की बैठक की। इसमें लोगों ने शहर में एकत्र हो रही भीड़ को लेकर एसडीएम के समक्ष नाराजगी व्यक्त की। लोगों ने कहा कि एक ओर जहां कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है, वहीं प्रशासन की उदासीनता के चलते करीब 300 से अधिक लोग एक स्थान पर एकत्र हो रहे हैं। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
शनिवार को एसडीएम योगेश मेहरा की अध्यक्षता में तहसील सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम ने लोगों से कोरोना को लेकर रविवार को प्रस्तावित जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील की। कहा कि इस दौरान सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब कोटद्वार में एक स्थान पर 10 से अधिक लोगों के खड़े होने और एक दुकान में चार से अधिक लोग पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से इस दौरान कालाबाजारी नहीं करने की चेतावनी दी। कहा कि ऐसा पाए जाने पर व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जीप-टैक्सी, ऑटो यूनियनों से वाहन में बैठने वालों के हाथ सेनिटाइज करने और वाहनों में कीटनाशक का छिड़काव करने, होटल संचालकों को यात्रियों की इंट्री पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बरातघर संचालकों से शादी समारोह में अधिक भीड़ नहीं करने और बरातियों को सेनिटाइज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीओ अनिल जोशी, कोतवाल मनोज रतूड़ी, डॉ. पंकज नेगी, डा. एसके बड़थ्वाल, लाजपत राय भाटिया, अमरदीप रावत, संजय थपलियाल, राजेश त्रिपाठी, कृष्ण कुमार सिंघानिया, राजेश नैथानी, सुनील कुमार सिंह, शांता बमराड़ा, सुुबोध गर्ग व अमिताभ अग्रवाल आदि मौजूद थे।
-फोटो