कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार में छात्र संघ कार्यालय में ताला लगाने और शिक्षकों द्वारा आईडी कार्ड चेकिंग के दौरान बंद पड़ी कक्षाओं से आक्रोशित एनएसयूआई ने प्राचार्य कक्ष में हंगामा काटा। उन्होंने आईडी कार्ड की चेकिंग के लिए चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को लगाने और छात्र संघ कार्यालय को खोलने की मांग की।
सोमवार को महाविद्यालय खुलने के बाद महाविद्यालय की मुख्य शासक डा. संगीता बहुगुणा ने छात्र-छात्राओं के आईडी कार्ड देखने शुरू कर दिए। इस पर कई एनएसयूआई छात्रों ने शिक्षक को पढ़ाई के समय आईडी कार्ड देखने पर एतराज जताया। मामला महाविद्यालय के प्राचार्य तक पहुंच गया। छात्रों ने प्राचार्य कक्ष में महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा आईडी कार्ड चेकिंग और छात्र संघ कार्यालय में ताला लगाने का विरोध किया।
वहीं छात्रसंघ पदाधिकारियों के लिए बनाए गए कार्यालय पर ताला लगा दिया गया है। इसके चलते पदाधिकारी सड़क पर घूमने को मजबूर हैं।
उधर, महाविद्यालय की मुख्य शासक डा. संगीता बहुगुणा ने बताया कि छात्र संघ कार्यालय खुला रहने से छात्र कार्यालय के अंदर से कुर्सियों को लेकर सड़क पर बैठक कर महाविद्यालय का अनुशासन बिगाड़ रहे हैं। इसके लिए कार्यालय में ताला लगाया गया है। सभी छह पदाधिकारियों को ताले की चाबी उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि महाविद्यालय में हो रही चोरियों और बाहर के पहुंच रहे छात्रों पर पाबंदी लगाने के लिए आईडी कार्ड की जांच जरूरी है।
इस अवसर पर छात्र संघ उपाध्यक्ष सुभम डबराल, कोषाध्यक्ष बॉबी बिष्ट, एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी, अतुल डोबरिलया, हिमांशु नेेगी, ऋषि कोटनाला, शिवानी काला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवाशीश रावत आदि मौजूद थे।
-फोटो