खाई में गिरने से महिला की मौत, परिजनों में कोहराम
लैंसडौन। कैंट क्षेत्र के वार्ड नंबर एक में घास लेने गई एक महिला गहरी खाई में जा गिरी। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीण महिला को खाई से निकालकर कैंट अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह मंजू देवी (35 वर्ष) पत्नी अव्वल सिंह पावर हाऊस के निकट के जंगल में घास लेने गई थी। घास काटते समय अचानक मंजू देवी का पैर फिसल गया और वह करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। उसके साथ गई अन्य महिलाओं ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। परिजन मंजू को खाई से निकालकर कैंट अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर मनीषा अग्रवाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि उसकी अस्पताल लाने से पहले ही मौत हो चुकी थी।