अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेने सोमवार को राजस्व टीम जमरगड्डी गांव के धरियालसार पहुंची। टीम ने पाया कि 21 मीटर सार्वजनिक सड़क बह गई है, जबकि सात खेत मलबे में दबे हैं।
गांव में दस परिवार रहते हैं और बारिश की वजह से खतरा अभी बरकरार है। इससे पहले कानूनगो किशोर रौतेला और राजस्व उप निरीक्षक अशोक जोशी की अगुवाई में पहुंची टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में पीड़ित राजकुमारी देवी के परिवार को पंचायत घर में शिफ्ट होने के लिए कहा, लेकिन पंचायतघर आबादी से दूर होने के कारण उन्होंने पड़ोस के घर में शरण ली।
नुकसान के आंकलन की रिपोर्ट तहसील और जिला प्रशासन को भेजी गई है। ग्राम प्रधान कांति देवी का कहना था कि भारी बरसात की आशंका से ग्रामीण सहमे हुए हैं।