कोटद्वार। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से सोमवार को युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर संसद का प्रारूप बनाया गया, जिसमें सरकार और विपक्ष बनाकर प्रश्नोत्तर किए गए। इसमें युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने कहा कि मोदी सरकार देश के सवा सौ करोड़ देशवासियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है कि गरीब, शोषित, पीड़ित, वंचित युवाओं, महिलाओं के लिए सरकार लगातार कल्याणकारी योजनाएं चला रही है।
सोमवार को नजीबाबाद रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित युवा संसद में भाजयुमो प्रदेश मंत्री सूरज घिल्डियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ सबका विकास नारे के साथ सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर समावेशी भारत की कल्पना को साकार कर रहे हैं। युवा संसद में कुछ कार्यकर्ताओं को सरकार और कुछ को विपक्ष की भूमिका दी गई। कार्रवाई के दौरान प्रश्नकर्ताओं ने सरकारी योजनाओं, विदेश नीति सहित कई मुद्दों पर प्रश्न किए। सरकार के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत कराते हुए कहा कि सभी संचालित योजनाओं के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। सरकार ने आर्थिक मोर्चे पर भी पांच सालों में देश को आगे बढ़ाया है। मोदी जी की विदेश नीति का परिणाम है कि आज पाकिस्तान विश्व में अलग थलग पड़ा हुआ है। स्पीकर की भूमिका मनीषा रावत, प्रधानमंत्री की भूमिका पृथ्वी राणा, भूतल परिवहन मंत्री की भूमिका आकाश रावत, कानून मंत्री की भूमिका शुभम रावत, मानव संसाधन विकास मंत्री की भूमिका देवांग नैथानी, विदेश मंत्री की भूमिका पीयूष सुंद्रियाल, वित्त मंत्री की भूमिका देवाशीष रावत और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका अंकित रावत ने निभाई। इस मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, जिला महामंत्री भारत बिष्ट, अनीता आर्य, अभिलाषा भारद्वाज, प्रकाश बलोधी, मानेश्वरी बिष्ट व रानी नेगी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री शांतनु रावत ने किया।
-फोटो