कोटद्वार। गत दिनों एटीएम कार्ड बदलकर एक महिला समेत तीन लोगों के खातों से धनराशि निकालने के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में यूपी के गाजियाबाद निवासी एक युवक को शनिवार सुबह मालगोदाम तिराहे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पांच एटीएम कार्ड, एक लाख 10 हजार की नकदी व बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
शनिवार को कोटद्वार कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीओ जेआर जोशी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चार अक्तूबर को पूनम देवी का एटीएम बदलकर उसके खाते से नकदी निकालने का मामला प्रकाश में आया। मामले के खुलासे के लिए कोतवाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो फुटेज में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल में एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ मिला। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह टीम को मालगोदाम रोड तिराहे पर सीसीटीवी फुटेज के हुलिए से मिलता-जुलता एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को दानिश पुत्र निजामुद्दीन निवासी गिरी मार्केट, थाना लोहनी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी में उसके पास पांच एटीएम कार्ड, एक लाख 10 हजार की नकदी मिली। पूछताछ करने पर दानिश ने 17 सितंबर को गौनियाल मार्केट स्थित एसबीआई के एटीएम से काजला नाम के व्यक्ति के खाते से 40 हजार की धनराशि, 24 सितंबर को जगत सिंह नाम के व्यक्ति के एटीएम पर झंडाचौक के एक सुनार की दुकान से ऑनलाइन 19 हजार में सोने की अंगूठी खरीदने और एटीएम से धनराशि निकालने और झंडाचौक स्थित एटीएम से पूनम देवी के खाते से 30 हजार की धनराशि निकालने की बात कबूली। उन्होंने बताया कि दानिश पिन कोड जानने के बाद धोखे से लोगों का एटीएम कार्ड बदल देता था और उसके बाद एटीएम से धनराशि निकाल लेता था। एसएसपी पौड़ी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। टीम में कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल के अलावा एसएसआई राकेंद्र कठैत, एसआई रविंद्र सिंह नेगी, बबलू चौहान, संदीप शर्मा, सिपाही रविंद्र कुमार, गजेंद्र कुमार व सोनू कुमार शामिल रहे।
-फोटो