कोटद्वार/बीरोंखाल। अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर दुगड्डा ब्लाक की आशाओं का कार्यबहिष्कार और धरना प्रदर्शन 30वें दिन भी जारी रहा। आशाओं ने मांग नहीं माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
बुधवार को दुगड्डा ब्लाक की आशा कार्यकत्री तहसील में एकत्र हुईं। उन्होंने प्रदेश सरकार और सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आशाओं ने प्रदेश सरकार पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि आशाएं स्वास्थ्य विभाग के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं, लेकिन प्रदेश सरकार उन्हें राज्य कर्मचारी बनाना तो छोड़ सम्मानजनक मानदेय भी नहीं दे रही हैं। सरकार की अनदेखी के चलते आशा कार्यकत्रियों में निराशा है। उन्होंने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष प्रभा चौधरी, उपाध्यक्ष मीरा नेगी, सचिव रंजना कोटनाला, भागीरथी भंडारी, विजय लक्ष्मी, नीलम कुकरेती आदि मौजूद थे।
उधर, बीरोंखाल ब्लाक की आशा कार्यकत्रियों ने ब्लाक मुख्यालय परिसर में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ब्लाक अध्यक्ष पुष्पा देवी ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर हीरा रावत, संगीता देवी, मंजू देवी व सुशीला देवी आदि मौजूद रहे।
-फोटो