कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की एक प्रवक्ता द्वारा छात्रों के साथ कथित अभद्र व्यवहार को लेकर बीएड के छात्रों का क्रमिक अनशन जारी है। छात्रों ने प्रवक्ता का तबादला नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
शनिवार को एबीवीपी के गढ़वाल मंडल संयोजक सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में बीएड के छात्र मनीष कुमार और प्रियंका भूख हड़ताल पर बैठे। इस अवसर पर वक्ताओं ने शासन पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि बीएड के छात्र अपना भविष्य दाव पर लगाकर एक प्रवक्ता की अभद्रता के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन शासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। पूर्व में क्षेत्रीय विधायक और वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कराए थे, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार शाम को छात्रों ने एक बार फिर वन मंत्री से भेंट की, लेकिन फिर से आश्वासन देकर छात्रों को लौटा दिया गया। उन्होंने शासन-प्रशासन पर कॉलेज की प्रवक्ता के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगाया। कहा कि शीघ्र प्रवक्ता का तबादला नहीं होने पर आमरण अनशन किया जाएगा।
इस अवसर पर एबीवीपी प्रांत मीडिया प्रभारी गौरव जोशी, जिला संयोजक शांतनु थपलियाल, होशियार कंडारी, भूपेंद्र रावत, सुरेश, अंजलि, साक्षी, भारती रावत व रजनीश आदि मौजूद थे।
-फोटो