सिल्काखाल के बागसैण में पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पंपिंग पेयजल योजना से चांदी के कलश में पानी भर कर मंत्री को पिलाया।
शुक्रवार को विकास खंड कीर्तिनगर के 13 ग्राम पंचायतों के 17 राजस्व गांवों के लिए बनी कोटेश्वर सिल्काखाल पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया।
32 करोड़ से अधिक लागत की इस योजना से करीब 20 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान काबीना मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि उन्होंने जनता के साथ किए गए अपने वायदे को समय से पूर्व पूरा कर दिया है। वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में अब पानी की कमी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि आवासीय बस्तियों में पेयजल वितरण प्रणाली के लिए बजट ग्राम पंचायतों के खातों में भेजा गया है। दो माह के भीतर इस योजना से ग्राम पंचायतों में पेयजल वितरण शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अनिता निजवाला, राकेश बिष्ट, रमेश जोशी, प्रताप भंडारी, सतीश जोशी, कुंदन लाल व मोहना नंद डोभाल व पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता संजय सिंह आदि शामिल थे।
ऐतिहासिक दिन पर अब हर वर्ष लगेगा मेला
पंपिंग पेयजल योजना के लोकार्पण दिन को ऐतिहासिक बताते हुए मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि बागसैंण में हर वर्ष इस दिन विकास मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए यह दिन एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।