चतुर्थ राज्य वित्त आयोग ने पौड़ी नगर पालिका के लिए पार्किंग निर्माण करने को दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस पार्किंग का निर्माण कोटद्वार रोड पर पौड़ी पटवारी चौकी के नीचे किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रूप से संचालित हो सकेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पार्किंग स्थापित करने के लिए कहा था। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पर्यटक आवास गृह के नीचे वाली भूमि पर पार्किंग बनाए जाने के लिए साढ़े सात लाख का प्रस्ताव बनाया गया है।
दोनों स्थानों पर पार्किंग निर्माण होने से लगभग 300 गाड़ियों की पार्किंग हो जाएगी। अध्यक्ष बेनाम ने कहा कि बस स्टैंड के निर्माण के लिए एक करोड़ की धनराशि शासन से नगर पालिका के पक्ष में अवमुक्त होने पर तत्काल पौड़ी बस अड्डे का निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आठ मई से माल रोड और नगर पालिका जाने वाले मार्ग चौपहिया वाहनों के लिए वन-वे होंगे। चौपहिया वाहन केवल धारा रोड से नगर पालिका होते हुए माल रोड को प्रवेश करेंगे।