कोटद्वार। गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले कंडी मार्ग का हिस्सा और लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग पर चार पुलों का निर्माण शुरू हो गया है। करीब दस करोड़ की लागत से बनने वाले मार्ग और पुलों के निर्माण कार्य का शिलान्यास वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत 16 दिसंबर को चिलरखाल में करेंगे। शनिवार को वन मंत्री लैंसडौन वन प्रभाग के सनेह में 20 करोड़ की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के इको टूरिज्म डेस्टिनेशन रिजॉर्ट का शुभारंभ करेंगे।
वन मंत्री के पीआरओ विनोद रावत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि चिलरखाल-लालढांग मार्ग के साथ ही कोटद्वार-रामनगर कंडी मार्ग वन मंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। 11 किमी लंबे इस मार्ग को लालढांग की ओर से तीन किमी मार्ग की वन भूमि लोनिवि को हस्तांतरित कर दी गई है। इस मौके पर सुधीर बहुगुणा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज और राजीव कंडारी मौजूद थे।