कोटद्वार। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में दुगड्डा, द्वारीखाल, रिखणीखाल ब्लॉक के करीब 250 सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को लैपटॉप वितरित किए गए।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम का मुख्य अतिथि पर्यावरण एवं वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी गढ़वाल सुशील कुमार ने शुभारंभ किया। वन मंत्री ने कहा कि खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता के लिए सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों का आधुनिकीकरण जरूरी है। जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि जनपद में राशन की दुकानों को डिजिटल सेवा कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी सस्ता गल्ला डीलरों को डोंगल, सीन, बॉयोमीट्रिक मशीन, लैपटॉप और प्रिंटर प्रदान किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना लागू होने के बाद 98 फीसदी आधार कार्डों का राशन कार्डों से लिंक कर दिया गया है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, वरिष्ठ भाजपा नेता भुवनेेश खर्कवाल, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला पूर्ति निरीक्षक जीएस कंडारी, रश्मि राणा, सुमन नैथानी, किरन काला, डीएस धस्माना, केसी बौंठियाल, योगेंद्र सिंह पंवार, शशि बाला रावत, कैलाश नेगी, सीएससी के मनोज नैथानी आदि मौजूद रहे।