कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में संचालित शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय (सीटीई) की ओर से स्मार्ट क्लास मैनेजमेंट प्रोग्राम विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों ने स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षा के गुर सीखे। प्रशिक्षण के समापन पर सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह का इंस्टीट्यूट ऑफ हास्पीटालिटी मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) के कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष डा. अनुराग सेमवाल ने शुभारंभ किया। उन्होंने कंप्यूटर के ज्ञान को वक्त की आवश्यकता बताया। कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक अध्यापक का तकनीकी से परिपूर्ण होना एवं कंप्यूटर का ज्ञान होना आवश्यक है।
सीटीई के समन्वयक डा. आरएस चौहान ने सभी प्रतिभागियों को विगत पांच दिनों तक विभिन्न गतिविधियों से प्राप्त अनुभवों का प्रयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। कहा कि यदि हमारी अध्यापक स्मार्ट होंगे तो निश्चित रूप से कक्षाएं भी स्मार्ट होंगी, जिसका सीधा असर कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों में पड़ेगा।
इस अवसर पर डा. सुषमा थलेड़ी, डा. सविता भंडारी, डा. संदीप किमोठी, डा. रश्मि बहुखंडी, डा. दया किशन जोशी, बृजमोहन रावत व डा. अनिल मान आदि उपस्थित रहे।
-फोटो