कोटद्वार। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन की कोटद्वार प्रभाग की बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चुप्पी साधन पर प्रभागीय विक्रय प्रबंधक (डीएसएम) को एक माह का अल्टीमेटम दिया है। चेताया कि एक माह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए विवश होगा। संगठन की ओर से डीएसएम को मांग पत्र भी सौंपा गया।
वन विकास निगम कर्मचारी संगठन की कार्यकारिणी की बैठक प्रभागीय अध्यक्ष दलबीर सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई। कर्मचारियों ने प्रभागीय विक्रय प्रबंधक को सौंपे मांग पत्र में कहा कि पनियाली डिपो गेट का निर्माण एवं पनियाली डिपो को सड़क के बराबर समतल करने, प्रभाग के प्रत्येक डिपो में तारबाड़ करने, चिड़ियापुर प्रथम और अंजनीचौड़ डिपो में आवासीय कार्यालय भवन की मरम्मत करने, अंजनीचौड़ डिपो में जिन कमरों का अधिग्रहण हरिद्वार डिपो द्वारा किया गया है, उन्हें कर्मचारियों की आवश्यकता के लिए खोलने की मांग की गई। पनियाली डिपो में साइन बोर्ड, डिपो गेट, ट्यूबलर हट की टीन की चद्दरों पर पेंट कराने, चिड़ियापुर प्रथम डिपो गेट पर विद्युत व्यवस्था और द्वितीय डिपो में हैलोजन लाइट की व्यवस्था कराने, 2002 के स्केलरों को एरियर का भुगतान जल्द कराने की मांग की है।
चेेतावनी दी गई है कि यदि एक माह के भीतर कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण विक्रय प्रबंधक द्वारा नहीं किया जाता है तो कर्मचारी संगठन को मांगों को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में संगठन के प्रभागीय मंत्री अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह व जीवन सिंह आदि मौजूद रहे।