कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैैदान में किसी बात को लेकर एनसीसी कैडेटों और पूर्व छात्रों के बीच जमकर लात घूसे चले। इसमें दो युवक घायल हो गए। मौके पर पहुंचे शिक्षकों ने किसी तरह बीच बचाव किया। बाद में दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
रविवार को कोतवाली में तहरीर देने पहुंचे पूर्व छात्र जयदीप नेगी ने बताया कि वह रविवार को अपने साथियों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने के लिए आते हैं। आज सुबह मैदान में एनसीसी कैडेटों की परेड हो रही थी, जिसके कारण हम खेल नहीं पाए और मैदान के किनारे बैठ कर बातें कर रहे थे। तभी महाविद्यालय परिसर में परेड कर रहे एनसीसी कैडेटों ने उन्हें बात करने से मना किया। इस बात पर दोनों में बहस हो गई। इतने में एनसीसी से जुड़े लड़कों ने उन पर लाठी-डंडे और लात घूसों से हमला कर दिया। इससे उनके और उनके भाई नवीन नेगी के सिर में चोट लगी है।
उधर, एनसीसी कैडेट आशीष भंडारी ने बताया कि 15 अगस्त की परेड के लिए वे महाविद्यालय के खेल मैदान में प्रेक्टिस कर रहे थे। क्रिकेट खेल रहे कुछ लड़के परेड कर रही एनसीसी छात्राओं पर गलत टिप्पणी कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लड़के गाली गलौज करने लगे, जिससे विवाद बढ़ गया। शाम तक कोतवाली में दोनों पक्षों के युवा खडे़ रहे। शाम को शिक्षकों के समझाने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे से माफी मांग कर समझौता कर लिया है।
इंसेट
महाविद्यालय का माहौल खराब न करें छात्र
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गढ़वाल संयोजक सौरभ नौडियाल ने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय का माहौल खराब न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव नजदीक आते ही महाविद्यालय में बाहरी लोग प्रवेश करते हैं, और महाविद्यालय राजनीति का अखाड़ा बन जाता है। इस प्रकार की झड़प इसी का परिणाम है। उन्होंने प्राचार्य से चुनाव तक महाविद्यालय परिसर में केवल छात्रों का ही प्रवेश कराने की व्यवस्था बनाने की मांग की।
-फोटो