कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के बिशनपुर गांव में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक घर के अंदर घुसकर दो लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी है।
बिशनपुर निवासी सीताराम पांथरी जिला सहकारी बैंक पोखड़ा में कार्यरत हैं। बृहस्पतिवार को घर पर उनका बेटा सौरभ और उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी मौजूद थीं। सुबह दस बजे के करीब सौरभ की मां घर के अंदर बाथरूम में नहा रही थीं और वह बाहर के टायलेट में गया हुआ था। इतने में किसी ने घर के अंदर घुसकर उनकी मां के बाथरूम की बाहर से चटखनी लगा दी। जब मां बाहर निकलने को हुई तो बाहर से दरवाजा बंद देख मां ने बेटे को आवाज लगाई। बेटा बाहर के टायलेट से बाहर आया तो कुछ लोग घर की छत के रास्ते भाग गए। सौरभ ने पहले अपनी मां के बाथरूम का दरवाजा खोला उसके बाद चोरी की आशंका को देखते हुए घर के अंदर देखा तो एक कमरे में रखा दीवान खुला हुआ था। उसमें से एक बैग बाहर खुला पड़ा था। बैग में रखे हुए दो लाख पांच हजार रुपये गायब मिले। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसआई अशोक सिरस्वाल ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले की जांच की जा रही है।