कोटद्वार। आल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के आह्वान पर 10 सूत्री मांगों को लेकर कोटद्वार और सनेह रोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टरों ने उपवास रखकर कार्य किया। उन्होंने रेलवे बोर्ड से उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
कोटद्वार के रेलवे स्टेशन मास्टर आशीष बिष्ट ने कहा कि स्टेशन मास्टर रेलवे का अहम हिस्सा माने जाते हैं। उन्हें रेलवे का ब्रांड एंबेसडर कहा जाता है। इसके बाद भी रेलवे बोर्ड उनकी मांगों को लेकर कभी विचार नहीं करती है। रेल प्रशासन के इसी रवैये से परेशान होकर उन्होंने एक दिन का उपवास रखकर ड्यूटी देने का निर्णय किया।
उन्होंने एमएसीपी से मिलने वाला तीसरा प्रमोशन देने, स्टेशन मास्टरों की ड्यूटी रोस्टर तत्काल रद्द करने, स्टेशन मास्टर को संरक्षा और तनाव भत्ता देने, स्टेशन मास्टरों की पूरी संख्या में से 15 प्रतिशत पद राजपत्रित स्टेशन मास्टर के रूप में सृजित करने, छोटे स्टेशनों पर सहयोग के लिए एक सहकर्मी स्टेशन मास्टर की नियुक्ति करने, स्टेशन मास्टरों का वेतनमान कर्मचारियों से अधिक करने, स्टेशन मास्टर के परिवारों के नजदीक शहर में आवास की व्यवस्था करने, स्टेशन में रेस्ट रूम की व्यवस्था करने, स्टेशन डायरेक्टर का पद अनुभवी तथा सीनियर स्टेशन मास्टरों को देने, नई पेंशन योजना रद्द कर पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की मांग की। इस अवसर पर सनेह रोड के स्टेशन मास्टर कमल नेगी व स्टेशन मास्टर रामाश्रय राम आदि मौजूद थे।
-फोटो