कोटद्वार। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंर्तगत कौशल भारत योजना का शुभारंभ किया गया। संस्थान के महाप्रबंधक मनोज कुमार और निदेशक नटराज कृष्णप्पा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बलभद्रपुर के समुचित विकास के लिए संस्थान प्रतिबद्ध है। वर्तमान समय में संचालित पाठ्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं फीटर तीनों प्रयोगशालाओं के लिए संस्थान लगभग 25 लाख मूल्य धनराशि के आधुनिक उपकरण, औजार, मशीन, ऑफिस एवं क्लास रूम फर्नीचर व कंप्यूटर प्रदान करते हुए संस्थान के उच्चीकरण करने में सहयोग दिया गया है।
नटराज कृष्णप्पा ने कहा कि संस्थान में बालिकाओं को भी प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि संस्थान एक आदर्श प्रशिक्षण संस्था के रूप में विकसित होकर अपनी भूमिका अदा करने में सफल होगा।
इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य वीपी नौटियाल, आरके तिवारी, इकाई वरिष्ठ अधिकारीगण, यूनियनों के पदाधिकारी, सीएसआर कार्यान्यवन समिति के सदस्य एवं अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार श्रीवास्तव ने किया।