कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नजीबाबाद और कोटद्वार के बीच सुखरौ पुल के समीप शनिवार देर रात तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यहां बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर नजीबाबाद और कोटद्वार के बीच सुखरो पुल के समीप कोटद्वार से नजीबाबाद बाइक से जा रहे तीन लोगों को नजीबाबाद की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ गईं। घायलों को यहां बेस अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों में नरेंद्र कुमार (20) पुत्र गुरुवचन सिंह, हेम सिंह (11) पुत्र प्रभात सिंह दोनों निवासी बड़िया, जिला बिजनौर और विनोद कुमार (55) पुत्र जयपाल सिंह निवासी समस्तीपुर जिला बिजनौर शामिल हैं। घायलों ने बताया कि उनका दूध सप्लाई का कारोबार है। देर शाम कोटद्वार में दूध बेचकर वे वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान सुखरो पुल के पास एक मोड़ पर तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।