कोटद्वार। काशीरामपुर मल्ला के लोगों ने पनियाली गदेरे में पूर्व में तोड़ी गई पुलिया का पुन: निर्माण कराने पर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि दो साल से यह पुलिया आपदा का कारण बनी हुई थी, जिसे इस बार तोड़ा गया। अब एक बार फिर से इस पुलिया को बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो भविष्य में फिर से तबाही का कारण बनेगी। लोगों ने क्षेत्र भ्रमण पर आए क्षेत्रीय विधायक और वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के समक्ष यह मामला उठाते हुए पुलिया पुनर्निर्माण का विरोध किया।
काशीरामपुर के पार्षद प्रवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने पनियाली गदेरे में पुलिया निर्माण का विरोध किया। उन्होंने वन मंत्री को ज्ञापन सौंपकर इस पुलिया को आपदा का कारण बताया। कहा कि गत वर्ष अगस्त में आई आपदा में इस पुलिया की वजह से काशीरामपुर के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा था। कहा कि यह सूर्यनगर कालोनी के लोगों का निजी रास्ता है, जो राजस्व विभाग के नक्शे में नहीं है। उन्होंने वन मंत्री से पुलिया के निर्माण की स्वीकृति न देकर पनियाली गदेरे पर सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है। इस मौके पर धर्मवीर सिंह रावत, आरबी धस्माना, अशोक नेगी, महावीर सिंह रावत, बनारसी सैनी, जीएस नेगी, दिनेश धूलिया व मनमोहन सिंह रावत आदि मौजूद थे।
-फोटो