कोटद्वार। नवसृजित नगर निगम कोटद्वार के वार्ड नंबर-12 कालाबड़ और जौनपुर का क्षेत्र पूर्व से ही नगर निकाय का हिस्सा रहा है, लेकिन यहां अनियोजित विकास और निर्माण ने वार्ड की तस्वीर बिगाड़ कर रख दी है। आलम यह है कि संकरी गलियों में जरूरत पड़ने पर भारी वाहन तक नहीं जा पाते हैं। करीब डेढ़ दर्जन से अधिक परिवारों को सीवरेज सुविधा नहीं मिल पा रही है। वार्ड की पहचान संकरी गलियां बन गई हैं। समस्याओं का यहां अंबार है।
नगर निगम के इस वार्ड में जौनपुर उत्तर, मध्य, और दक्षिण मध्य के भूूूूभाग के साथ ही अपर और लोअर कालाबड़ होते हुए बेस अस्पताल का एरिया शामिल है। इस वार्ड की आबादी करीब 4000 के पार है। यहां कुल मतदाता 3124 हैं। पूर्व से ही नगर निकाय का हिस्सा रहे अपर कालाबड़ के 16 परिवार आज भी सीवर सुविधा से महरूम हैं। कई इलाकों में लोगों को पेयजल संकट से भी जूझना पड़ रहा है। चौधरी भवन से लोअर कालाबड़ तक बने नाले के ऊपर स्लैब क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा बरसात से क्षतिग्रस्त इस सड़क का निर्माण कार्य कछुआ गति से कराए जाने से वे परेशान हैं। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त कई सड़कों में गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं।
स्थानीय निवासी गोविंद प्रसाद बहुखंडी व बृजमोहन बड़थ्वाल का कहना है कि उनके क्षेत्र में एक ही ट्रांसफार्मर पर लंबी लाइन खींची गई है। इसमें कनेक्शनों की भरमार होने के कारण लाइन बार-बार ट्रिप करने से क्षेत्र में अधिकतर बिजली गुल रहती है। क्षेत्र की पेयजल लाइन को डिग्री कालेज स्थित नलकूप से जोड़ा गया है, लेकिन नलकूप के बार-बार फुंकने के कारण लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है। लीसा डिपो की दीवार से लगी सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। चौधरी मोहल्ले और उसके आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है। लोगोें का कहना है कि वे उसी प्रत्याशी का समर्थन करेंगे, जो उसकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहेगा।
इस वार्ड से ये हैं पार्षद के प्रत्याशी
आरती खर्कवाल-भाजपा
इंदू नेगी-निर्दलीय
नीना बैजवाल-निर्दलीय
पूनम-निर्दलीय
मीनाक्षी कोटनाला-निर्दलीय
रीमा देवी-निर्दलीय
शांति पाठक-निर्दलीय
सुमन रावत-निर्दलीय
-फोटो