दुगड्डा। क्षेत्र पंचायत दुगड्डा की बैठक में पेयजल, सड़क व वन्यजीवों से सुरक्षा के मामले छाए रहे। समस्याओं का समाधान न होने और सक्षम अधिकारियों के न पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। ब्लाक प्रमुख ने अधिकारियों को गंभीरता के साथ समस्याओं का निदान करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को ब्लाक प्रमुख संगीता बिष्ट की अध्यक्षता में ब्लाक सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक में ग्राम प्रधान जुगुरसैंण सुमित्रा देवी ने लोक निर्माण विभाग दुगड्डा के मौजूद अधिकारी से विगत 10 वर्षों से भदालीखाल- जुगुरसैंण फतेहपुर मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए की जा रही कार्रवाई की प्रगति के बारे में जानकारी ली। क्षेत्र पंचायत सदस्य मजयाड़ी दिनेश रावत ने मजयाड़ी-लदोकी-लुटासी-कफल्डी मोटर मार्ग की स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू न किए जाने पर नाराजगी जताई। क्षेत्र पंचायत सदस्य बल्ली जगदीश प्रसाद बेबनी ने जलसंस्थान से क्षेत्र में तच्छाली-उतिर्छा-बल्ली कांडई पेयजल योजना को दुरुस्त करने की मांग की। केस्टा के प्रधान राजेंद्र प्रसाद केस्टवाल ने क्षेत्र में कराए जा रहे विद्युतीकरण कार्य को शिथिलता से कराए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी ने बेनी-जमरगडी में विद्युतीकरण की मांग उठाई। प्रधान अजीत देवलाल, बसु देवी, सारेंद्री देवी, राजेंद्र प्रसाद केस्टवाल और क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश प्रसाद बेबनी ने वन विभाग से सुअर और बंदरों से निजात दिलाने की मांग की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य परवीन सुल्ताना, कनिष्ठ उपप्रमुख आशीष काला, प्रधान संगठन के अध्यक्ष वेदप्रकाश जुयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोरमा जुयाल, रजनी रावत, प्रधान रेखा रावत, हरपाल सिंह, कलावती देवी, बीडीओ सुमन राणा, एडीओ पंचायत ज्योतिष चंदोला सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
-फोटो