दुगड्डा। नगरपालिका क्षेत्र में बारिश के कारण एक गिरासू भवन की दीवार ढह गई। घटना रात में होने से कोई क्षति नहीं हुई।
क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से खस्ताहाल भवनों के खतरे से निजात दिलाने के लिए पालिका परिषद ने भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए थे। नगर के धनीराम बाजार निवासी उमेश शर्मा का एक भवन जर्जर स्थिति में था। बुधवार रात को जर्जर भवन की एक दीवार क्षतिग्रस्त होकर गली में गिर गई। गनीमत रही कि रात होने के कारण गली से कोई आवाजाही नहीं कर रहा था अन्यथा कोई अनहोनी हो सकती थी। पालिका परिषद ने भवन स्वामी को भवन के शेष हिस्से को तोड़ने के निर्देश दिए हैं।