कोटद्वार। पीएमजीएसवाई के अधीन बिरमोली-सुराडी मोटर मार्ग का गुणवत्ता के अभाव में मार्ग का डामर एक साल में ही उखड़ गया है। मार्ग में जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में ग्रामीण सोहन लाल, मोहन सिंह नेगी, अरविंद, राजेंद्र कुमार, मनोज सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में बिरमोली-सुराडी मार्ग 18.79 किमी निर्माण के लिए शासन ने 633.74 करोड़ की धनराशि आवंटित कर स्वीकृति प्रदान की। मार्ग निर्माण के लिए पीएमजीएसवाई को कार्यदायी संस्था बनाया गया, लेकिन पीएमजीएसवाई ने 17 किमी पगारी गांव तक ही सड़क का निर्माण कार्य करवाया। मार्ग के निर्माण से बिरमोली, सनेथ, चाक्यूं, सौड, छाम, सिमल्या, कुंटी, सुराडी, हिलोगी, बिजोली, डोबर आदि गांवों के ग्रामीण सड़क सुविधा से लाभान्वित होना था। बताया कि मार्ग निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती गई, जिसका ग्रामीणों ने विरोध भी किया था। गुणवत्ता के अभाव में मार्ग की डामर एक साल के भीतर ही उखड़ गया।