कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत शफा होम मवाकोट में नशा उन्मूलन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम में नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में शफा होम में रह रहे लोगों ने नशामुक्त जीवन बिताने का संकल्प लिया।
शफा होम के संचालक बलवीर सिंह ने बताया कि यूनाइटेड नेशन ने विश्व नशा उन्मूलन दिवस पर ‘सुनना सीखो’ को इस वर्ष का विचार चुना है। उन्होंने कहा कि सुनना सीखने से परिवार के मध्य संवाद संचार का माध्यम बना रहता है। शफा होम में भी इलाज के दौरान नशा करने वालों को इसी का महत्व समझाया जाता है। उन्होंने कहा कि नशा करते वक्त वह किसी की नहीं सुनता और जब नशे का आदी बन जाता है तो परिवार और दोस्त उसकी सुनना बंद कर देते हैं और ऐसे में नशेड़ी समाज की मुख्य धारा से दूर होता चला जाता है। कार्यक्रम के दौरान शफा होम में उपचार करा रहे 100 लोगों ने मोमबत्ती के प्रकाश में भविष्य में नशा मुक्त जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया। उन्होंने जानकारी दी कि 26 जून को नशा उन्मूलन दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।