लैंसडौन। छावनी नगर लैंसडौन में वीकेंड और ईद की छुट्टी मनाने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शनिवार को नगर की पार्किंग व्यवस्था चरमरा गई।
शनिवार को ईद की छुट्टी पर पर्यटक दबाव के कारण नगर में गांधी चौक पर कई बार जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे खुलवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। पोस्ट आफिस से सूबेदार मोहल्ला तक छावनी परिषद और पुलिस ने नो पार्किंग जोन बनाया है, लेकिन इन जगह वीकेंड पर पर्यटक वाहनों की लाइन लगी रहती है। पुलिस ने इन वाहनों को नरेंद्र क्लब और ग्रीन फील्ड पार्किंग स्थल पर लगवाया। कोतवाली निरीक्षक विमल पूर्वाल ने बताया कि छावनी परिषद की जिम्मेदारी पार्किंग व्यवस्था देने की है। उनके द्वारा निर्धारित की कई जगहों पर पुलिस वाहन पार्किंग पर लगवाने पर मदद करते हैं। उधर कैंट बोर्ड की उपाध्यक्ष इंद्रा रावत ने बताया कि नए पार्किंग स्थल के लिए बोर्ड ने एक प्रस्ताव पारित किया है। बजट मंजूरी के लिए मध्यकमान को भेजा गया है।