कोटद्वार। पेयजल की समस्या से परेशान शिवराजपुर और शिवपुर के ग्रामीणों ने जलसंस्थान कार्यालय में जमकर हंगामा काटा और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि जलसंस्थान की लापरवाही के कारण कई दिन से ग्रामीण पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं, लेकिन विभाग मौन है।
सोमवार को पेयजल की किल्लत पर भड़के शिवराजपुर और शिवपुर के ग्रामीण जलसंस्थान कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि गांव शिवराजपुर में बिछी पेयजल आपूर्ति लाइन ढाई इंच की होने के कारण हमेशा पेयजल की किल्लत बनी रहती है। गांव की आबादी अधिक होने से ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कुछ दिनों से गांव शिवराजपुर में समय पर पानी नहीं आ रहा है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। वे इसकी सूचना कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को दे चुके हैं, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जलसंस्थान के ईई को ज्ञापन सौंपकर समय पर पानी देने और पानी देने के समय में बढ़ोतरी करने की मांग है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में मंजू देवी, शकुंतला देवी, पूनम देवी, अनीता देवी, जशोमति देवी, सुमनलता देवी, शशि देवी, लक्ष्मी देवी, सुनीता रावत, रेखा रावत, माया पांडे, लक्ष्मी पांडे, बबीता देवी, भारती देवी, अशोक सिंह नेगी व महेश पांडे आदि मौजूद रहे।
-फोटो