कोटद्वार। पेयजल की परेशानी से जूझ रहे कल्जीखाल ब्लाक के सैनार और गौली गांव के ग्रामीणों को पीएमजीएसवाई के आश्वासन के बाद भी एक बूंद पानी की नसीब नहीं हो रही है। ग्रामीण आज भी दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने आश्वासन वाले तय समय तक पेयजल उपलब्ध नहीं किए जाने पर पीएमजीएसवाई कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी।
कल्जीखाल के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेेगी के नेतृत्व में सैनार और गौली गांव के ग्रामीण गांव में एकत्र हुए। उन्होंने विभाग पर आश्वासन देने के बाद भी उन्हें पेयजल उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। कहा कि दिसंबर 2016 में पीएमजीएसवाई ने ढाडूखाल-नौगांव-साकनी मोटर मार्ग का निर्माण कराया था। इस दौरान विभाग ने गांव को जाने वाली पेयजल लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी की मांग को लेकर पीएमजीएसवाई कार्यलय में अधिशासी अभियंता का घेराव किया था। इस पर उन्हेंने 15 दिन के अंदर पेयजल लाइन जोड़ने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक पाइप लाइन जोड़ने की कार्रवाई नहीं की।
इस अवसर पर प्रधान सैनार प्रेम सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नेत्र सिंह रावत, महिला मंगल दल अध्यक्ष गुड्डी देवी, जोगेंद्र सिंह पयाल, जसवंती देवी, चंपा देवी, देवेश्वरी देवी, जयंती देवी, सूरत सिंह, केशवा नंद व पूरण चंद के अलावा अनेक ग्रामीण मौजूद थे।