कोटद्वार। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही कोटद्वार का विकास ठप हो गया। लोगों की मांग और इच्छा के विपरीत काम हो रहा है। छह माह में ही कोटद्वार की तस्वीर बदलने के दावों की पोल खुल गई है। कोटद्वार विकास में पिछड़ गया है। कांग्रेस शासनकाल में शुरू की गई विकास योजनाएं ठप कर दी गई हैं।
सोमवार को पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने शासनकाल में शुरू कराए गए ग्रास्टनगंज खोह नदी पर निर्माणाधीन मोटर पुल का निरीक्षण किया। कहा कि उन्होंने मोटर पुल का 60 फीसदी काम पूरा करवा दिया था। जब से भाजपा की सरकार प्रदेश में सत्तारूढ़ हुई है, विकास कार्य ठप हो गए हैं। पूर्व में स्वीकृत विकास कार्य भी बंद करा दिए गए हैं। सड़कों पर काम रोक दिया गया है। विकास योजनाओं के लिए सरकार के पास बजट नहीं है। जनता को गुमराह कर चुनाव जीतने वालों की छह माह में ही पोल खुल गई है। जनता छह माह में ही पछताने लगी है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत ग्रास्टनगंज मोटर पुल, लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग निर्माण का कार्य भी जस का तस पड़ा है, जबकि लालढांग मार्ग के लिए आरबीआई-81 तकनीक से सात करोड़ की धनराशि स्वीकृत करवा दी गयी थी। कालागढ़-रामनगर मोटर मार्ग का सर्वे कांग्रेस सरकार ने शुरू करवा दिया था। जनता सवाल पूछ रही है कि छह महीने में कोटद्वार की तस्वीर बदलने के दावों का क्या हुआ। इस मौके पर ग्राम प्रधान विपुल बलूनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश नेगी, सुधा असवाल, सुुशील बलूनी, कुंवर सिंह नेगी, कुंवर सिंह रावत, बीरेन्द्र सिंह, सुनीता देवी, उषा देवी, तारा देवी, नीलू देवी, पार्वती देवी, पमू देवी, कृष्णा बहुगुणा, रंजना रावत, बीडी नवानी सहित कई लोग मौजूद थे।