कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली के चलते हजारों की आबादी को पेयजल आपूर्ति करने वाला सिताबपुर का ट्यूबवेल ठप हो गया है। इसके कारण करीब तीन वार्डों के लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। शिकायत के बाद भी विभाग लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। इसके कारण विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।
सिताबपुर पशु चिकित्सालय के सामने स्थित ट्यूबवेल से कोटद्वार के सिताबपुर, मानपुर और शिवपुर के उपभोक्ताओं को पेयजल आपूर्ति की जाती है। पिछले दो दिन से ट्यूबवेल में खराबी आने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। इसके कारण भीषण गर्मी में लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं।
सिताबपुर की पार्षद गायत्री भट्ट, मंजू जखमोला, शिवपुर निवासी अनीता देवी, शोभा देवी, मानपुर निवासी सुशीला देवी व मनोरमा देवी ने जलसंस्थान के अधिकारियों पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि पिछले दो दिन से नल सूखे हुए हैं। शिकायत करने के बाद भी विभाग न तो ट्यूबवेल की मरम्मत कर रहा है और न ही टैंकरों की व्यवस्था कर रहा है। इसके कारण लोग अन्य वार्डों से पानी ढोने को मजबूर हैं। उधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि सिताबपुर ट्यूबवेल की मरम्मत का कार्य शुरू किया जा चुुका है। शीघ्र क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाएगी।