कोटद्वार। लैंसडौंन तहसील के पट्टी बिचला ढांगू-एक के चांदपुर गांव में एक युवक से हुई मारपीट के मामले में राजस्व पुलिस ने पीड़ित की पत्नी समेत सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है।
पट्टी बिचला ढांगू-एक राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया कि ग्राम चांदपुर निवासी विमला देवी ने तीन जून को तहरीर दी थी। जिसमें कहा गया कि तीन जून की सुबह आठ बजे गढ़मोला गांव और खंडूडी गांव के कुछ लोगों ने उनके घर पर पहुंच कर उसके बेटे रामचंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। बीच बचाव करने पर उसके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच बचाव कर किसी तरह उन्हें छुड़ाया। आरोपियों ने इस दौरान ग्रामीणों के साथ भी गाली गलौज की। कहा कि सभी आरोपी उसकी पुत्रवधू संतोषी देवी के मायके पक्ष के लोग और नाते रिश्तेदार हैं। कहा कि मारपीट करने आए लोग उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे अस्सी हजार रुपये भी ले गए। वृद्धा विमला देवी ने कहा कि उनके बेटे रामचंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए पहले चैलूसैंण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे कोटद्वार रेफर कर दिया गया। यहां भी उसे आगे के लिए रेफर कर दिया गया। वर्तमान में रामचंद्र का देहरादून स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने रामचंद्र की हालत को गंभीर बताया है।
सहायक अभियोजन अधिकारी यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व पुलिस ने आरोपी दलीप सिंह, उसकी पत्नी सविता देवी, भाई अनूप सिंह , हिम्मत सिंह निवासी ग्राम गढ़मोला, आलम सिंह और उसकी पत्नी कविता ग्राम खंडूडी मल्ला और पीड़ित की पत्नी संतोषी देवी को मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों को बुधवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोटद्वार की कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है।