कोटद्वार। विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में आयोजित सेना भर्ती रैली के दूसरे दिन रुद्रप्रयाग जनपद के युवाओं की भर्ती हुई। इसमें पहली सीढ़ी 1600 मीटर दौड़ में ही युवाओं का दम फूल गया। 3614 में से मात्र 502 युवा ही दौड़ पूरी कर पाए।
मंगलवार को सेना भर्ती रैली के लिए रुद्रप्रयाग जिले की उखीमठ, रुद्रप्रयाग और जखोली तहसील के कुल 4292 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, लेकिन 678 युवाओं के नहीं पहुंचने के कारण 3614 युवाओं ने भर्ती रैली के लिए गबर सिंह कैंप में प्रवेश किया। कैंप के बलवीर सिंह स्टेडियम में सेना भर्ती रैली के अधिकारी कर्नल विनीत बाजपेयी के नेतृत्व में करीब 200-200 युवकों के ग्रुप ने 1600 मीटर के रूप में स्टेडियम के चार चक्कर लगाए, लेकिन अधिकतर युवा पहले और दूसरे राउंड में ही बाहर हो गए। शेष बचे हुए युवा निर्धारित समय तक दौड़ पूरी नहीं कर सके। इसके कारण मात्र 502 युवा ही भर्ती की पहली सीढ़ी दौड़ को पूरा कर अगले दौर में पहुंचे। अगले दौर मेें हुए शारीरिक परीक्षण में कई युवा छाती नहीं फुला पाए तो कई ऊंचाई और बिम खींचने में बहार हो गए। शिक्षकों ने युवाओं के प्रमाणपत्रों की जांच की।
भर्ती अधिकारी विनीत बाजपेयी ने बताया कि दूसरे दिन की भी रात एक बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। अभी तक भर्ती शांतिपूर्ण तरीके से पारदर्शिता के साथ संपन्न हो रही है। उन्होंने युवाओं से दलालों से सावधान रहने की अपील की है।
आज इन क्षेत्रों की होगी भर्ती
कोटद्वार। पांच जून को टिहरी जिले की घनसाली, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, जाखणीदार, टिहरी, गजा, कंडीसौड़ तहसील क्षेत्र के युवाओं की भर्ती आयोजित की जाएगी। रात के साढ़े 12 बजे कोटद्वार के काशीरामपुर तल्ला से गबर सिंह कैंप में भर्ती के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।
-फोटो