कोटद्वार। कौड़िया स्थित विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में सेना भर्ती रैली शुरू हो गई। सोमवार को उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिले के युवाओं ने भर्ती के लिए दमखम दिखाया। पहले दिन 3000 युवाओं में से मात्र 346 ही 1600 मीटर दौड़ की पहली बाधा पार कर पाए। मंगलवार को रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ, रुद्रप्रयाग और जखोली तहसील के युवाओं की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा होगी।
रविवार रात एक बजे से ही कोटद्वार के काशीरामपुर तल्ला से आर्मी के गबर सिंह कैंप में युवाओं की लाइन लगनी शुरू हो गई। सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत बाजपेयी के मार्गदर्शन में दस दिवसीय भर्ती रैली शुरू हुई। पहले दिन उत्तरकाशी जिले के पुरोला, मोरी, राजगड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, बड़कोट तहसील और रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार तहसील के युवाओं ने भर्ती रैली में प्रतिभाग किया। भर्ती के लिए इन तहसीलों से 3585 युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन कुल 3000 युवा ही भर्ती के लिए गबर सिंह कैंप पहुंचे। प्रारंभिक ऊंचाई जांच के बाद चयनित युवा गबर सिंह कैंप के बलवीर सिंह स्टेडियम में 1600 मीटर दौड़ के लिए पहुंचे। निर्धारित समय में 3000 में से मात्र 346 युवा ही दौड़ पूरी कर पाए।