कोटद्वार। कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप में सोमवार से होने वाली सेना भर्ती रैली को सफल बनाने के लिए सेना और स्थानीय प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके अलावा शारीरिक परीक्षा में असफल रहे युवाओं की दोबारा परीक्षा होगी। भर्ती रैली के दौरान हुड़दंगियों पर नजर रखने के साथ ही पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी लगाए गए हैं। रैली के पहले दिन सोमवार को उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपद के युवाओं की भर्ती होगी। भर्ती के लिए दोनों जिलों से हजारों युवा कोटद्वार पहुंच गए हैं।
लैंसडौन के सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत बाजपेयी ने बताया कि गबर सिंह कैंप से लगे खोह नदी के तट की भूमि पर बांस से बैरिकेड बना लिए गए हैं। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन की ओर से 40 अस्थायी शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि भर्ती में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है। कहा कि शारीरिक परीक्षा में असफल होने वाले युवाओं का उनकी निगरानी में दोबारा शारीरिक परीक्षण किया जाएगा।
एसडीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कोटद्वार। एसडीएम मनीष कुमार सिंह ने बताया कि भर्ती रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सहायक पर्यटन अधिकारी को सभी होटलों और रिसोर्ट में रिशेप्सन में रेट लिस्ट चस्पा करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि युवाओं से ओवर रेट वसूलने की शिकायतों पर अंकुश लग सके।
-फोटो