कोटद्वार/यमकेश्वर। बृहस्पतिवार देर शाम चली आंधी के साथ हुई बारिश से गर्मी से कुछ राहत तो मिली, लेकिन आंधी ने कई मुश्किलें भी खड़ी कर दी। आंधी से कई इलाकों में पेड़ टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गए, जिससे क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति ठप रही। बिजली नहीं होने के कारण नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों में सुबह पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पाई। पल्ला गांव के समीप बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से यमकेश्वर ब्लाक में विद्युत व्यवस्था चरमरा गयी है।
बृहस्पतिवार शाम को साढ़े पांच बजे मौसम ने करवट बदली और तेज हवाएं चलने लगी। आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गए, जिससे पूरी रात नगर निगम क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार सुबह भी बिजली की आपूर्ति सुचारू नहीं होने से पदमपुर, शिवपुर, आमपड़ाव, मानपुर, सिताबपुर सहित कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। आंधी से कौड़िया में एचटी लाइन पर दो पेड़ टूटकर गिर गए, जबकि बद्रीनाथ मार्ग पर सिंचाई विभाग के बंगले के समीप, ध्रुवपुर, जशोधरपुर में एक-एक पेड़ टूटकर एलटी लाइनों पर गिर गए। एसडीओ कमल सिंह ने बताया कि सभी जगहों पर पेड़ों को हटाकर लाइनों को ठीककर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। दुगड्डा ब्लाक के पल्ला गांव के समीप बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से दुगड्डा ब्लाक और यमकेश्वर ब्लाक में बृहस्पतिवार रात से ही बिजली की आपूर्ति बाधित है। बिजली की आपूर्ति नहीं होने से शुक्रवार को यमकेश्वर ब्लाक स्थित ब्लाक मुख्यालय यमकेश्वर, तहसील सहित तमाम सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। कार्यालयों में काम नहीं होने से लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। ऊर्जा निगम के एसडीओ रवि अरोड़ा ने बताया कि आंधी से दुगड्डा ब्लाक के पल्ला गांव के समीप बिजली के तारों पर पेड़ गिर गया, जिस कारण कस्याली विद्युत सब स्टेशन में विद्युत आपूर्ति ठप है। क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन को ठीक किया जा रहा है। देर शाम तक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उधर किशनपुर में भी लालढांग-चिलरखाल मार्ग पर कई जगहों पर पेड़ टूटने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण लालढांग क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। शुक्रवार को विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
लालढांग निवासी दीपक नेगी ने बताया कि बृस्पतिवार को तेज आंधी से चिल्लरखाल लालढांग के जगहों पर पेड़ टूट कर बिजली लाइन पर गिरे। जिससे बिजली लाइन आधी से ज्यादा छतिग्रस्त हो चुकी है। जेई नवीन गुसाईं से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लाइन ज्यादा टूट चुकी है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।
.