दुगड्डा/कोटद्वार। कोटद्वार तहसील के भेल्डा बड़ा गांव में जांच के सिलसिले में गई राजस्व पुलिस पर दो लोगों ने हमला कर दिया। राजस्व पुलिस ने घटना की जानकारी में तहसील प्रशासन को दी है। नायब तहसीलदार की अगुवाई में मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस की टीम ने हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया और कोटद्वार ले आई।
नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत ने बताया कि शनिवार दिन में दुगड्डा के पास सीला-पांच पटवारी सर्किल क्षेत्र के भेल्डा बड़ा गांव में राजस्व पुलिस किसी शिकायत की जांच के सिलसिले में गई थी। जैसे ही टीम गांव में पहुंची, वैसे ही वहां राघवेंदर सिंह और लखपत सिंह ने उपराजस्व निरीक्षक शिव दत्त नौटियाल और प्रमोद पुंडीर पर हमला कर दिया। अचानक हमले की खबर लगते ही कोटद्वार से पहुंची राजस्व पुलिस की टीम ने उन्हें दबोच लिया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देर रात तक दोनों हमलावर राजस्व पुलिस की हिरासत में थे। बताया जा रहा है कि हमलावर नशे में थे।