डीएम पौड़ी ने कोटद्वार क्षेत्र के तीन अवैध उपखनिज भंडारणकर्ताओं पर 15 लाख रुपये का जुर्माना ठोका है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने एसडीएम कोटद्वार योगेश मेहरा को उक्त जुर्माने की रकम वसूलकर जिला खनिज फाउंडेशन न्यास पौड़ी के खाते में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम योगेेश मेहरा ने बताया कि गत अक्तूबर माह में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई में राजस्व विभाग की टीम को तीन अवैध भंडारण मिले थे, जिसमें विकासनगर गाड़ीघाट निवासी दीनदयाल सिंह के यहां 165.352 टन उपखनिज का अवैध भंडारण पाया गया था। रिपोर्ट पर डीएम पौड़ी ने दीनदयाल सिंह पर 2,70,688 रुपये का जुर्माना लगाया है। बताया कि सिमलचौड़ में केशर सिंह का भंडारण मार्च माह में निलंबित हो गया था, लेकिन अक्तूबर माह में की गई जांच में वहां 1566.58 टन उपखनिज अधिक पाया गया था। जिसपर कार्रवाई करते हुए केशर सिंह पर 9 लाख 22 नौ सौ तीन जुुर्माना ठोका गया है। गाड़ीघाट निवासी तीसरे व्यक्ति दिनेश चंद्र की ओर से निजी भूमि पर 207.064 टन अवैध रेत और 26.4 टन बोल्डर का अवैध भंडारण पाया गया था। जिसपर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने उस पर 3 लाख 2 हजार 329 रुपये का जुर्माना लगाया है। एसडीएम ने बताया कि तीनों लोगों से तत्काल जुर्माने की रकम को जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।