किशनपुर। भाबर के झंडीचौड़ पश्चिमी में ग्रामीणों की सजगता से एक बड़ा हादसा होने टल गया। झंडीचौड़ पश्चिमी में खेत में लगी आग घर के आंगन तक पहुंच गई। आग की चपेट में आकर पशुओं के लिए रखे गए भूसे के ढेर (भूसा घर) समेत हजारों का नुकसान हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा ने बताया कि मंगलवार को करीब एक बजे झंडीचौड़ पश्चिमी निवासी गणेश चंद्र के घर से सटे खेत में पड़े कचरे में किसी ने आग लगा दी। भीषण गर्मी और तेज हवा के चलते आग खेत में फैल गई और उनके घर तक पहुंच गई। आग की लपटों को देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच आग गणेश चंद्र के भूसा घर में लग गई। आग की चपेट में आकर भूसा घर जलकर राख हो गया। आग की लपटों से गणेश के घर को भी काफी नुकसान हुआ, कई जगह से दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कलालघाटी पुलिस चौकी और फायर बिग्रेड को दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड को घटना स्थल तक पहुंचने में एक घंटा लगा । कलालघाटी पुलिस और ग्रामीणों ने साहस और सजगता का परिचय देते हुए आग पर काबू पाया और एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया।