दुगड्डा। नगर पालिका परिषद दुगड्डा की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान पालिका प्रशासन ने नागरिकों से जैविक व अजैविक अपशिष्ट को अलग-अलग एकत्र करने की अपील की। नगर पालिका अध्यक्ष भावना चौहान ने इस मौके पर नागरिकों का आह्वान किया कि वे स्वच्छता का पहला कदम अपने घर से ही शुरू करें।
शनिवार को नगर पालिकाध्यक्ष भावना चौहान के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन ने दुगड्डा क्षेत्र के धनीराम बाजार, मोती बाजार, कमला नेहरू मार्ग और सुभाष बाजार में जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का पहला कदम नागरिक स्वयं के घर से शुरू करता है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थान पर अपशिष्ट न फेंकने और कचरे को सदैव कूड़ेदान में डालने की अपील की। इस दौरान पालिका प्रशासन ने स्वच्छता अभियान के बैनर के साथ नारे लगाते हुए लोगों से स्वच्छता बनाएं रखने में सहयोग की अपील की। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्द्धन सिंह रावत ने कहा कि यात्रा सीजन में मुख्य मार्गों पर स्वच्छता बनाएं रखे, जिससे यहां से आवाजाही करने वाले पर्यटकों को असुविधा का सामना न करना पडे़। इस अवसर पर सभासद दीपक ध्यानी, आशा देवी, अनीता गौड़, धर्मेंद्र गोयल आदि मौजूद रहे।