कोटद्वार। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से समूह ग के तहत आबकारी सिपाही और प्रवर्तन सिपाही के लिए शरीरिक दक्षता परीक्षा राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में दूसरे दिन भी जारी रही। युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित शरीरिक दक्षता परीक्षा में दोनों पदों के लिए कुल 620 अभ्यर्थियों में से 241 पुरुष और महिला अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
बृहस्पतिवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग के सहयोग से आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा जिला युवा कल्याण अधिकारी गणेश थपलियाल, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय, एसडीएम मनीष कुमार सिंह और राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम की उप क्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की की देखरेख में आयोजित की गई। आबकारी सिपाही में पुरुष वर्ग की भर्ती में बाल थ्रो 61 मीटर, लंबी कूद 15 फीट और आधे घंटे में 4.8 किमी. दौड़ आयोजित की गई। महिला वर्ग की भर्ती में बायो मैट्रिक, नापतोल, बाल थ्रो 12 मीटर, लंबी कूद 8 फीट आयोजित की गई। जिला युवा कल्याण अधिकारी गणेश थपलियाल ने बताया कि सुबह शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच के बाद आबकारी सिपाही के पदों के लिए दौड़, नापतोल, बाल थ्रो, लंबी कूद का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन सिपाही के लिए 121 अभ्यर्थियों और आबकारी सिपाही के लिए 499 अभ्यर्थियों कुल 620 अभ्यर्थियों को सम्मिलित होना था, लेकिन 241 अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता परीक्षा में उपस्थित हुए। मुख्य निर्णायकों में सुनील रावत, विनोद पंत, धीरेंद्र रावत, संजीव चंद्र, सुरेश सिंह, राकेश कठैत, मुकेश सुंद्रियाल, किशोर रावत शामिल थे।
.