कोटद्वार। नगर निगम की मेयर हेमलता नेगी ने कहा कि राशन कार्डों के नवीनीकरण एवं सत्यापन के लिए सरल एवं सुगम व्यवस्था बनाए जाने के लिए वार्डों में कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने राशन कार्ड के नाम पर सौ रुपये फीस वसूलने पर नाराजगी जताते हुए फीस कम करने का भरोसा दिया।
नगर निगम सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में मेयर हेमलता नेगी ने कहा कि गत दो सालों से राशन कार्डों के नवीनीकरण व सत्यापन कार्य न होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी से उन्होंने राशन कार्ड बनवाने की मांग की थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। अब राशनकार्ड बन रहे हैं तो नवीनीकरण के संबंध में जानकारी के अभाव में लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। लोगों को नगर निगम और ई-डिस्ट्रिक कार्यालय में राशन कार्डों के सत्यापन के लिए बेवजह भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब राशन कार्डों के नवीनीकरण सहित सत्यापन के लिए लोगों को भटकने की जरूरत नहीं है। नगर निगम क्षेत्र में कुछ क्षेत्रों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां पर राशन कार्डों का सत्यापन, पृथकीकरण व नवीनीकरण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने राशन कार्डों के नाम से सौ रुपये की फीस वसूलने पर आपत्ति जताई। कहा कि राशन कार्डों बनवाने के लिए वसूली जा रही फीस में कटौती की जाएगी, जिससे लोगों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पार्षद सूरज प्रसाद कांति, कुलदीप कंबोज, तेजेंद्र नेगी व प्रवेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
-फोटो