कोटद्वार। नवसृजित नगर निगम कोटद्वार के वार्ड नंबर 07 स्थित कौड़िया और सैनिक कालोनी में बिजली, पानी और सड़क की समस्या नहीं है। यहां पिछली बरसात में पनियाली गदेरे के उफान से वार्ड में आई बाढ़ से आए मलबे की सफाई नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं।
नगर निगम का नव सृजित वार्ड नंबर सात पूर्व में ग्राम पंचायत काशीरामपुर और कौड़िया का हिस्सा था। वर्तमान में कौड़िया, सैनिक कालोनी, गोरखाली मोहल्ला, दाल मिल वाली गली, शिवा नगर, चौहान मोहल्ला, एकता नगर, शहीद भूपेंद्र कालोनी, मिलेट्री रोड, सतेंद्र नगर, रामनगर कालोनी के साथ ही काशीरामपुर के पश्चिमी क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया है। इस वार्ड की आबादी 4000 के करीब है। वार्ड से पार्षद पद के लिए छह प्रत्याशी मैदान में हैं।
गत 25 अगस्त को पनियाली गदेरे में आई बाढ़ के चलते वार्ड के अंतर्गत सैनिक कालोनी और कौड़िया में गदेरे का पानी लोगों घरों में घुस गया था। सैनिक कालोनी निवासी जगमोहन सिंह नेगी, कुंवर सिंह गुसाईं, डीएस बिष्ट और धनवीर सिंह ने प्रशासन और पूर्व जनप्रतिनिधि पर उनके क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। कौड़िया निवासी अर्जुन वैद्य और रवि कुमार ने कहा कि जो प्रत्याशी उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ लेगा, उसी को वोट देंगे।
.
इंसेट:
वार्ड में ये हैं पार्षद पद के प्रत्याशी
सुभाष पांडे- भाजपा
मातवर सिंह- कांग्रेस
नरेश चौहान- निर्दलीय
शशिकांत - निर्दलीय
पूजा देवी- निर्दलीय
सुनीता देवी- निर्दलीय