लैंसडौन। भारतीय स्टेट बैंक लैंसडौन शाखा के तत्वावधान में आयोजित एक समारोह में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओें को पुरस्कृत किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कान्वेंट स्कूल के ग्रंथ शुक्ला और लोकनृत्य में कैंट स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शनिवार को गांधी चौक में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि जीआरआरसी के कमान अधिकारी कर्नल शलभ सनवाल और कैंट के मुख्य अधिशासी अधिकारी भूपति रोहित ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कान्वेंट स्कूल के ग्रंथ शुक्ला ने पहला, कान्वेंट स्कूल की नंदिता गुप्ता और कैंट स्कूल की शोभा ने संयुक्त रूप से दूसरा, कैंट स्कूल के अर्जुन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सामान्य ज्ञान में कैंट स्कूल प्रथम, आर्मी स्कूल द्वितीय व जीजीआईसी तीसरे स्थान पर रहे। मार्चपास्ट सीनियर वर्ग में कैंट स्कूल प्रथम, जीजीआईसी द्वितीय, आर्मी स्कूल तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग की मार्चपास्ट प्रतियोगिता में कान्वेंट स्कूल पहले व कैंट प्राइमरी विद्यालय दूसरे स्थान पर रहे। देश भक्ति गीतों पर आधारित एकल गायन में कैंट स्कूल की महक प्रथम, जीजीआईसी की शालिनी द्वितीय व आर्मी स्कूल के आकाश तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर छावनी सदस्य डा. एसपी नैथानी, दिनेश रावत, राजेश ध्यानी व राजेंद्र राना सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।