किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के झंड़ीचौड़ उत्तरी निवासी एक व्यक्ति की रसोईघर में इलेक्ट्रानिक चिमनी में शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। इससे हजारों का सामान जलकर राखहो गया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से टल गया। अग्निशमन कार्यालय और कलालघाटी पुलिस चौकी में सूचना देने पर भी घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
झंड़ीचौड़ उत्तरी निवासी जयपाल सिंह घर पर अपनी मां और एक बेटी को छोड़कर परिवार के साथ हरिद्वार विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। शनिवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे जब उनकी बेटी रसोईघर में गई तो वहां उसने आग की लपटें देखीं। उसने अपनी दादी को आग लगने की जानकारी दी। दोनों ने शोर मचाकर आस-पड़ोस के ग्रामीणों को आग लगने के बारे में बताया। ग्रामीणों ने रेत और पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पाया और एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। आग में हजारों का सामान जलकर राखहो गया। ग्रामीण अमित नेगी, हरीश ध्यानी, महावीर सिंह, सुरजीत बिष्ट व विक्की सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने आग लगने की जानकारी देने के लिए 100 नंबर और अग्निशमन कार्यालय में फोन किया। वहां किसी ने फोन नहीं उठाया। वहीं कलालघाटी पुलिस चौकी में सूचना देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की लापरवाही और उदासीनता पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
-फोटो